बीकानेर के खाजूवाला क्षेत्र में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा किया है। साइबर थाना और खाजूवाला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी विष्णु विश्नोई को गिरफ्तार किया गया है, जिसके तार देशभर में दर्ज साइबर ठगी के 25 मामलों से जुड़े पाए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी म्यूल अकाउंट और क्रिप्टोकरेंसी नेटवर्क के जरिए अवैध लेन-देन में शामिल था। पुलिस के अनुसार करीब 20 करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन का पता चला है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी बाइनेंस एप के माध्यम से रकम को यूएसडीटी में कन्वर्ट करता था। मामले में हवाला नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका भी जताई जा रही है।
पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही : यह कार्रवाई कार्यवाहक एसपी विशाल जांगिड़ के निर्देशन और आईजी ओमप्रकाश के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में सीआई रमेश सर्वटा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।
खाजूवाला थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ बीकानेर पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।







