Home » राजस्थान की तीनों सीट पर पूनिया, अलका और डांगी निर्विरोध निर्वाचित
राजस्थान

राजस्थान की तीनों सीट पर पूनिया, अलका और डांगी निर्विरोध निर्वाचित

Rajya Sabha Election:  राजस्थान की तीन राज्यसभा सीटों पर चुनाव प्रक्रिया औपचारिक रूप से पूरी हो गई है। नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद बीजेपी के डॉ. सतीश पूनिया और डॉ. अलका गुर्जर तथा कांग्रेस के नीरज डांगी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

तीनों सीटों के लिए केवल तीन उम्मीदवारों ने ही नामांकन दाखिल किया था। नाम वापसी के अंतिम दिन किसी भी उम्मीदवार ने अपना नाम वापस नहीं लिया। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयुक्त नवीन जैन ने तीनों प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र जारी कर दिया।

टिकट राज्यसभा का, तैयारी विधानसभा की :  भाजपा ने सतीश पूनिया और अलका गुर्जर को राज्यसभा भेजा है लेकिन सियासी जानकार कहते हैं कि इसके पीछे का असल मकसद विधानसभा चुनाव हैं। राजस्थान में पिछले कुछ वर्षों के दौरान जाट और गुर्जर दोनों समुदायों में राजनीतिक असंतोष की चर्चा समय-समय पर सामने आती रही है। किसान आंदोलन, आरक्षण के मुद्दे और स्थानीय नेतृत्व की अनदेखी जैसे विषयों ने इन वर्गों में राजनीतिक विकल्पों की तलाश की जमीन भी तैयार की है। ऐसे में बीजेपी का राज्यसभा टिकट वितरण सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। जाट और गुर्जर समाज को प्रतिनिधित्व देकर बीजेपी ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि वह प्रदेश के सामाजिक समीकरणों को लेकर पूरी तरह सतर्क है और आगामी चुनावों के लिए अभी से तैयारी शुरू कर चुकी है।

कांग्रेस ने नीरज डांगी पर फिर जताया भरोसा :  कांग्रेस ने सांसद नीरज डांगी को लगातार दूसरी बार राज्यसभा भेजा है। इसे कांग्रेस की सामाजिक और संगठनात्मक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। राजनीतिक तौर पर इसे परंपरागत सामाजिक आधार को बनाए रखने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।

नामांकन के दिन दिखा शक्ति प्रदर्शन :  उम्मीदवारों के नामांकन से पहले प्रदेश बीजेपी कार्यालय में अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री दोनों उम्मीदवारों को अपने साथ विधानसभा लेकर पहुंचे, जहां नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी मौजूद रहीं।

क्या बोले नए निर्वाचित सांसद?
डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि पार्टी ने एक साधारण कार्यकर्ता को सर्वोच्च सदन तक पहुंचने का अवसर दिया है और वे राज्यसभा में राजस्थान, किसानों, युवाओं और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। वहीं डॉ. अलका गुर्जर ने कहा कि पार्टी ने महिलाओं और समाज के वंचित वर्गों को अवसर देने की परंपरा को आगे बढ़ाया है और वे सदन में जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाएंगी।

 

सांसद का नाम पार्टीकार्यकाल
सतीश पूनियाभाजपा2026 – 2032*
अलका गुर्जरभाजपा2026 – 2032*
नीरज डांगीकांग्रेस2026 – 2032*
घनश्याम तिवाड़ीभाजपा2022 – 2028
रणदीप सिंह सुरजेवालाकांग्रेस2022 – 2028
मुकुल बालकृष्ण वासनिककांग्रेस2022 – 2028
मदन राठौड़भाजपा2024 – 2030
चुन्नीलाल गरासियाभाजपा2024 – 2030
सोनिया गांधीकांग्रेस2024 – 2030
अजय माकनकांग्रेस2024 – 2030

तीनों सांसद करोड़पति 
सतीश पूनिया, अलका सिंह गुर्जर और कांग्रेस के नीरज डांगी करोड़ों रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। नामांकन पत्रों के साथ दाखिल हलफनामों में तीनों नेताओं की आर्थिक स्थिति का ब्यौरा सामने आया है। आंकड़ों के अनुसार तीनों उम्मीदवारों और उनके परिवारों की कुल घोषित संपत्ति 23 करोड़ रुपये से अधिक है।

संपत्ति के मामले में कांग्रेस उम्मीदवार नीरज डांगी सबसे आगे हैं। एफिडेविट के अनुसार नीरज डांगी और उनकी पत्नी के पास कुल 9.23 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है। इसमें नीरज डांगी के नाम करीब 2.09 करोड़ रुपये और उनकी पत्नी के नाम लगभग 7.15 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज है। दंपती के पास कृषि भूमि, बैंक जमा, निवेश और अन्य अचल संपत्तियां शामिल हैं।

भाजपा उम्मीदवार अलका सिंह गुर्जर और उनके पति की कुल संपत्ति 7.76 करोड़ रुपये घोषित की गई है। अलका गुर्जर के पास कृषि भूमि, जयपुर में प्लॉट तथा सोना-हीरे के आभूषण हैं। हलफनामे के अनुसार उन पर करीब 47 लाख रुपये का ऋण भी है।

वहीं भाजपा के दूसरे उम्मीदवार सतीश पूनिया और उनकी पत्नी के पास कुल 6.45 करोड़ रुपये की संपत्ति है। पूनिया के पास कृषि भूमि, प्लॉट और आवासीय संपत्तियां हैं। हालांकि उनके ऊपर करीब 1.14 करोड़ रुपये का कर्ज भी दर्ज है।

Search

Archives