Home » तेज रफ्तार ट्रक के साथ सीधी टक्कर में चकनाचूर हुई कार, 6 लोगों की दर्दनाक मौत
राजस्थान

तेज रफ्तार ट्रक के साथ सीधी टक्कर में चकनाचूर हुई कार, 6 लोगों की दर्दनाक मौत

बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले के श्री डूंगरगढ़ के पास नेशनल हाईवे पर काल बनकर आए एक तेज रफ्तार ट्रक और कार के बीच ऐसी भयानक टक्कर हुई कि कार के पूरी तरह से परखच्चे उड़ गए। इस दिल दहला देने वाले हादसे में छह लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक लड़क़ी गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। यह रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा नेशनल हाईवे पर स्थित सीजराल होटल के पास हुआ।

बताया जा रहा है कि सोमवार की देर शाम कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। टक्कर के बाद कार पूरी तरह से चकनाचूर होकर लोहे के कबाड़ में तब्दील हो गई, जिससे उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला और पल भर में ही छह जिंदगियां खत्म हो गईं। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और भारी अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार से शवों और एक गंभीर रूप से घायल लड़क़ी को बाहर निकाला। सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां से घायल लड़क़ी को प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बीकानेर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस शवों को मोर्चरी में रखवाकर हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है।

Search

Archives