जयपुर। राजस्थान के अजमेर स्थित डिग्गी बाजार इलाके में गुरुवार को एक होटल में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि पांच मंजिला होटल में मौजूद कुछ मेहमानों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई।
आग लगने की सूचने मिलने पर मौके पर दमकल की गाड़ियां एंबुलेंस और पुलिस पहुंच गई। एक बच्चा समेत पांच लोगों को बचाया गया। अग्निशमन अधिकारी जगदीश प्रसाद ने बताया हमें कई लोग बेहोशी की हालत में मिले, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। दो महिलाएं घायल अवस्था में मिलीं। सभी को अस्पताल ले जाया गया है।
एक बच्चे की भी हुई मौत
जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अनिल समारिया ने बताया, “आज सुबह डिग्गी बाजार इलाके में एक होटल में आग लगने की घटना हुई। पुलिस टीम मौके पर है। दम घुटने और जलने से दो पुरुषों, एक महिला और एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई।“







