रायपुर। रविवार सुबह खारून नदी किनारे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दुर्ग से रायपुर की ओर आ रही एक तेज रफ्तार हाइवा अचानक अनियंत्रित होकर महादेव घाट पुल के पास सीधा नदी में जा घुसी। हादसे के समय वाहन का अधिकांश हिस्सा पानी में डूब गया। ड्राइवर ने तैरकर अपनी जान बचाई।
मिली जानकरी के अनुसार, घटना सुबह करीब 11:30 बजे अमलेश्वर थाना क्षेत्र की है। पुल के पास अचानक हाइवा का नियंत्रण बिगड़ गया। ड्राइवर ने गाड़ी मोड़ने की कोशिश की, लेकिन वाहन घाट की सीढ़ियों से फिसलकर सीधे नदी में उतर गया।
हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। नदी किनारे मौजूद लोग मौके पर दौड़े, सुखद पहलू रहा कि ड्राइवर तैरकर बाहर आ गया। हादसे के बाद नदी किनारे बड़ी संख्या में लोग जुट गए और गाड़ी को देखने लगे। हादसे की सूचना मिलते ही अमलेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची। नदी में डूबी हाइवा को निकालने की कोशिश की जा रही है।







