रायपुर। सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए महतारी वंदन योजना की 26वीं किस्त जारी कर दी है। इस बार करीब 68.48 लाख महिलाओं के खातों में 641 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की गई।
योजना के तहत हर महीने मिलने वाली सहायता राशि महिलाओं के लिए नियमित आय का स्रोत बनती जा रही है। सरकार द्वारा मार्च 2024 में शुरू की गई इस योजना के माध्यम से अब तक कुल 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि लाभार्थियों को दी जा चुकी है।
इस बार भी राशि जारी होते ही महिलाओं के मोबाइल पर मैसेज पहुंचते ही खुशी का माहौल देखने को मिला। खास बात यह है कि दूरस्थ क्षेत्रों की हजारों महिलाओं को भी इस योजना का लाभ मिल रहा है। सरकार की ओर से यह भी बताया गया है कि जिन हितग्राहियों के खाते में राशि नहीं पहुंची है, उन्हें ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अलग-अलग केंद्रों पर व्यवस्था की गई है, जहां 30 जून तक यह प्रक्रिया जारी रहेगी। महिला एवं बाल विकास विभाग ने सभी पात्र महिलाओं से समय रहते केवाईसी अपडेट कराने की अपील की है, ताकि आगे मिलने वाली किस्तों में किसी प्रकार की बाधा न आए।







