कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 29 अप्रैल को दूसरे चरण के लिए वोटिंग होनी है लेकिन वोटिंग से पहले एक नाम बेहद चर्चा में है और वो है “जहांगीर खान”। दरअसल जहांगीर खान ने उत्तर प्रदेश के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट पुलिस अधिकारी और बंगाल में पुलिस ऑब्जर्वर बनाए गए अजय पाल शर्मा को खुली धमकी दे डाली है।
आईपीएस अजय पाल शर्मा को लेकर जहांगीर ने क्या कहा? : जहांगीर खान ने अजय पाल शर्मा पर तीखा हमला किया और कहा, “उन्होंने इस खेल की शुरूआत की है लेकिन खत्म हम करेंगे। पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त। अगर आप सोच रहे हो कि कुछ CRPF के जवानों के साथ आप बच जाओगे तो आप गलत हो। हमारे यहां लोग ही असली ताकत हैं, अगर लोग साथ चलने लगे तो CRPF को हटाकर रख देंगे अगर यहां के लोग पैदल चले तो CRPF के लोग हवा में उड़ जाएंगे।”
जहांगीर ने ये भी कहा था कि उसे पता है कि कैसे टाइट करना है और पुष्पा स्टाइल में कहा कि TMC वालों ने झुकना नहीं सीखा है। ऐसे में लोग जानना चाहते हैं कि आखिर जहांगीर खान कौन है?
कौन है जहांगीर खान? : जहांगीर खान दक्षिण 24 परगना की फलता सीट से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार हैं। चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी संपत्ति लगभग 2.1 करोड़ रुपए बताई है। वह 41 साल के हैं और 12वीं क्लास तक पढ़े हैं।
दरअसल उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा (जिन्हें सिंघम आॅफ यूपी और एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के नाम से जाना जाता है ) को चुनाव आयोग ने (दक्षिण 24 परगना जिले डायमंड हार्बर क्षेत्र ) में पुलिस पर्यवेक्षक के रूप् में तैनात किया है।
तो होगी सख्त कार्रवाई: पिछले कुछ दिनों से आम लोगों की ओर से शिकायत मिल रही थी कि फलता टीएमसी उम्मीदवाद जहांगीर खान मतदाताओं को लगातार धमका रहे हैं। इन्हीं शिकायतों का संज्ञान लेने के लिए पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे थे, लेकिन स्थानीय लोगों और पुलिस ने उन्हें सही जानकारी दी। बाद में सोमवार को सर्च आॅपरेशन के दौरान उनकी टीम टीएमसी उम्मीदवार के घर पहुंच गई, जहां उन्होंाने जहांगीर खान के परिवार को चेतावनी दी थी कि अगर उनके समर्थको ने फिर से मतदाताओं को धमकाया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उनका ये वीडियो वायरल हो गया और वाद विवाद खड़ा हो गया।
टीएमसी ने आरोप लगाया कि अधिकारी रात के वक्त लोगों के घरों में घुसकर छापेमारी कर रहे हैं, महिलाओं के साथ बदसलूकी कर रहे हैं और आतंक फैला रहे हैं।







