Home » कैप्सूल में कोकीन भरकर तस्करी, एयरपोर्ट में पकड़ाया तस्कर
देश

कैप्सूल में कोकीन भरकर तस्करी, एयरपोर्ट में पकड़ाया तस्कर

मुंबई। मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। खुफिया जानकारी के आधार पर डीआरआई मुंबई ने मादक पदार्थों की तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए 6.74 करोड़ रुपए की कोकीन बरामद की।

दरअसल, अधिकारियों को सूचना मिली थी कि घाना का एक नागरिक देश में कोकीन की तस्करी की योजना बना रहा है। जानकारी के आधार पर, डीआरआई अधिकारियों ने लाइबेरिया से मुंबई पहुंचे एक पुरुष यात्री को एयरपोर्ट पर रोका। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान यात्री ने यह स्वीकार किया कि उसने देश में तस्करी के उद्देश्य से मादक पदार्थों से युक्त कैप्सूल निगले हैं। इसके बाद अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे एक नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकीय निगरानी में उससे कुल 50 कैप्सूल बरामद किए गए। इन कैप्सूल में कुल 674 ग्राम कोकीन पाई गई, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय अवैध बाजार में अनुमानित कीमत 6.74 करोड़ रुपए है। यह कोकीन एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत जब्त कर ली गई है। डीआरआई अधिकारियों ने यात्री को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

Search

Archives