Home » साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने सरकार उठा रही कड़े कदम : सिंधिया
देश

साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने सरकार उठा रही कड़े कदम : सिंधिया

नई दिल्ली। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को लोकसभा में बताया कि सरकार साइबर अपराधों पर अंकुश के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। इसमें डिजिटल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म (DIP) की स्थापना भी शामिल है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्पूफ कॉल्स की संख्या में भी 97 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।

सिंधिया ने प्रश्नकाल के दौरान बताया कि संचार मंत्रालय और गृह मंत्रालय मिलकर साइबर अपराधों से निपटने के लिए चार से पांच बड़े कदम उठा चुके हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म (DIP) विभिन्न हितधारकों को एक साथ लाने का कार्य कर रहा है और इसमें अब तक 620 संस्थाएं शामिल की जा चुकी हैं, जिनमें 570 बैंक, देश के 36 राज्यों की पुलिस संस्थाएं और अन्वेषण एजेंसियां शामिल हैं।

(FRI) सॉफ्टवेयर का उपयोग- मंत्री ने यह भी बताया कि एक नया Fraud Risk Indicator (FRI) सॉफ्टवेयर इस्तेमाल में लाया जा रहा है, जिसके तहत बैंकों से धोखाधड़ी करने वालों की जानकारी को विभिन्न श्रेणियों में वर्गीकृत किया जाता है। इस डेटा को सभी बैंकों को साझा किया जाता है और ऐसे व्यक्तियों के लेनदेन को ब्लॉक कर दिया जाता है।

BSNL और MTNL को फिर से खड़ा किया जा रहा है- एक पूरक प्रश्न के जवाब में सिंधिया ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की टेलीकॉम कंपनियां BSNL और MTNL अब पुनरुद्धार की राह पर हैं। उन्होंने बताया कि इस सप्ताह BSNL की समीक्षा बैठक हुई है और अब प्रत्येक बिजनेस सर्कल के लिए एक व्यवसाय योजना (Business Plan) तैयार की जाएगी।

Search

Archives