चंडीगढ़। अहमदाबाद में हुए प्लेन हादसे के बाद इसका साइड इफेक्ट देखने को मिल रहा है। जहां एयर इंडिया ने अपनी कई इंटरनेशनल फ्लाइट्स को रद्द कर दिया है, वहीं लोगों में भी अहमदाबाद हादसे के बाद मन में भय पैदा हो गया है जिसका सीधा असर फ्लाइट्स की बुकिंग पर देखने को मिल रहा है। चंडीगढ़ के ट्रैवल एजेंट्स की मानें तो अहमदाबाद हादसे के बाद फ्लाइट्स की बुकिंग पर खासा असर पड़ा है और कुछ कस्टमर्स ने अपनी बुकिंग तक कैंसिल कर डाली है।
बता दें हाल ही में अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया विमान हादसे में सवार 242 में से 241 यात्रियों की मौत हो गई। इसके बाद से लोगों में विमान सुरक्षा को लेकर चिंताएँ बढ़ गई हैं। अब बड़ी संख्या में यात्री टिकट बुक करने से पहले उस विमान के मॉडल की जानकारी जुटा रहे हैं।
सर्वे में सामने आई नई प्रवृत्ति- लोकल सर्कल्स द्वारा कराए गए एक सर्वे के मुताबिक अब देश के 40 प्रतिशत से अधिक यात्री टिकट बुकिंग से पहले एयरलाइंस द्वारा उपयोग किए जा रहे विमान के मॉडल की जांच कर रहे हैं। इस सर्वे में देश के 294 जिलों से 40 हजार से अधिक प्रतिक्रियाएं मिलीं। 2022 में ऐसा करने वाले यात्रियों का आंकड़ा महज 10 प्रतिशत था, लेकिन अहमदाबाद हादसे के बाद यह संख्या बढ़कर 41 प्रतिशत पहुँच गई है।
सर्वे में यह भी सामने आया है कि यात्रियों के बीच बोइंग 787-8 विमान को लेकर आशंका गहरा गई है। बड़ी संख्या में लोगों ने इसके संचालन पर रोक लगाने की मांग की है। एअर इंडिया की दुर्घटना के बाद दुनिया भर से इस विमान मॉडल को लेकर कई घटनाओं की रिपोर्ट आई है, जिससे यात्रियों की चिंता और बढ़ गई है।
सर्वे में शामिल 56 प्रतिशत यात्रियों का मानना है कि जब तक सभी सुरक्षा मुद्दों की जांच और समाधान नहीं हो जाते, तब तक सरकार को बोइंग 787-8 के उड़ान संचालन पर रोक लगानी चाहिए।
सर्वे में यह भी पता चला कि अब यात्री टिकट बुकिंग के समय कई नए पहलुओं पर ध्यान दे रहे हैं:
73% लोग सबसे पहले किराए को ध्यान में रखते हैं
64% यात्री एयरलाइन की विश्वसनीयता पर ध्यान देते हैं
59% लोग उड़ान के समय को प्राथमिकता देते हैं
5% यात्रियों ने इस सवाल का स्पष्ट उत्तर नहीं दिया







