चार बोगियां जलीं शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा
पटियाला। अमृतसर से पश्चिम बंगाल जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 12408 में शुक्रवार को अचानक आग लगने की घटना से यात्रियों में हड़कंप मच गया। ट्रेन के इंजन से पांचवें डिब्बे तक धुआं निकलता दिखाई देने के बाद रेलवे प्रशासन में भी अफरा तफरी मच गई। एहतियात के तौर पर ट्रेन को राजपुरा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को सतर्क किया गया। ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच धुआं फैलने से दहशत का माहौल बन गया। कई यात्रियों ने अपने सामान के साथ डिब्बों से बाहर निकलने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि राजपुरा के नजदीक सराय बंजारा क्षेत्र में ट्रेन के चार डिब्बे आग की चपेट में आए।
ट्रेन में सेफ्टी सिस्टम एक्टिव हुआ
नॉर्दर्न रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय ने जानकारी दी है कि सराय बंजारा स्टेशन के पास सुरक्षा प्रणाली (सेफ्टी सिस्टम) सक्रिय होने के बाद ट्रेन को पूरी तरह सुरक्षित रोक लिया गया।
फिलहाल आग पर पूरी तरह से काबू पाने के प्रयास युद्धस्तर पर जारी हैं। स्थिति का जायजा लेने के लिए रेलवे के तमाम वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच चुके हैं। गनीमत यह रही कि इस अचानक हुई घटना में अभी तक किसी भी यात्री के घायल होने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। रेलवे प्रशासन जांच में जुट गया है।
शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग
रेलवे प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई की गई। इस घटना के कारण रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है।
जीआरपी के एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि यह घटना डिब्बे के एक पंखे में शॉर्ट सर्किट होने के कारण हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, आग पहले एक डिब्बे के अंदर लगी और फिर धीरे-धीरे अन्य डिब्बों में फैल गई।
बोगियों को किया गया अलग
रेलवे ने जल ही बोगियों को ट्रेन से अलग कर दिया है, ताकि आग फैले ना और अन्य बोगियों को नुकसान न हो। फायरब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच चुकी हैं, ताकि आग पर काबू पाया जा सके। इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन त्यौहारों पर अपने गांव जा रहे लोगों का सामान बोगियों के साथ ही जल गया है, जिससे काफी नुकसान होने की सूचना है।
ट्रेनों को किया गया डायवर्ट
ट्रेन संख्या 12408 (अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी) में आग लगने की घटना के कारण, सानेहवाल और अंबाला के बीच मार्ग में बदलाव किया गया है। इस हादसे के चलते कई डाउन और अप ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए गए हैं।







