शिमला/ धर्मशाला। बुधवार को हिमाचल में पांच जगह बादल फटे हैं। श्रीखंड के भीमडवारी एवं नंती, किन्नौर के पूह, लाहौल के मयाड़ और कुल्लू की तीर्थन घाटी में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। भीमडवारी और नंती में बादल फटने से आई बाढ़ में गानवी में दो शेड बह गए, जबकि छह पानी में डूब गए। यहां एक पुल क्षतिग्रस्त हो गया।
बाढ़ की जद में आई पुलिस चौकी में पानी घुस गया। तीर्थन घाटी के बंजार में टिल्ला और दोगड़ा पुल भी क्षतिग्रस्त हुआ है। निरमंड की कुर्पण खड्ड उफान पर होने से बागीपुल बाजार खाली करवा लिया गया है। कुल्लू की तीर्थन घाटी में पांच गाड़ियां एवं चार कॉटेज बह गए। इस दौरान कॉटेज में कोई नहीं था।
लाहौल की मयाड़ घाटी में करपट गांव को खाली करवाकर 22 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। किन्नौर के पूह में बादल फटने से होजो नाले में आई बाढ़ में आईटीबीपी कैंप के लिए ऋषि डोगरी सड़क निर्माण में लगी कंपनी की मशीनरी बह गई। कंपनी के पांच कर्मचारी भी फंस गए हैं, उन्हें रेस्क्यू किया जा रहा है। पांच जगह बादल फटने के साथ ही बुधवार को शिमला समेत प्रदेश के कई इलाकों में झमाझम बादल बरसे।







