Home » थानों में सीसीटीवी : केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट को दिया भरोसा, दो हफ्ते में सुलझेंगे सभी मुद्दे
दिल्ली-एनसीआर देश

थानों में सीसीटीवी : केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट को दिया भरोसा, दो हफ्ते में सुलझेंगे सभी मुद्दे

नई दिल्ली। देशभर के पुलिस थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के मामले में केंद्र सरकार ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट को आश्वासन दिया कि अगले दो सप्ताह के भीतर इससे जुड़ी सभी समस्याओं और तकनीकी बाधाओं को सुलझा लिया जाएगा।

जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ के समक्ष अटार्नी जनरल आर. वेंकटरमणी ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से इस मामले की समीक्षा कर रहे हैं और जल्द ही इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

केरलम मॉडल अपनाने पर जोर

सुनवाई के दौरान पीठ ने केंद्र से कहा कि वह सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए एक समान दिशानिर्देश जारी करने पर विचार करे। कोर्ट ने विशेष रूप से केरलम के सॉफ्टवेयर और मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि जब वहां एक सफल सिस्टम और सेंट्रलाइज्ड डैशबोर्ड मौजूद है, तो अन्य राज्य अलग से पैसा और समय क्यों खर्च करें? कोर्ट ने सुझाव दिया कि मध्य प्रदेश और राजस्थान की तरह अन्य राज्यों को भी केरलम का अनुसरण करना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट के पिछले आदेश के अनुपालन में केंद्रीय गृह सचिव भी कोर्ट में उपस्थित हुए।

Search

Archives