रोहतक। कलानौर खंड के गांव सुड़ाना में छोटे भाई ने बड़े भाई पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले से उसकी मौत हो गई। वारदात उस समय हुई जब पानी सप्लाई की लाइन जोड़ने के लिए बड़ा भाई- छोटे भाई के घर के सामने गया हुआ था। पुलिस ने केस दर्ज कर इस मामले में आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।
मृतक की पहचान 58 वर्षीय रामफल के रूप में हुई है। मृतक के बेटे कर्मबीर ने पुलिस को बताया कि उनके नलके (घरों में पानी सप्लाई) की पाइप काटी हुई थी। सोमवार को उसके पिता रामफल पानी सप्लाई की लाइन जोड़ने के लिए उसके चाचा सत्यवान के मकान के सामने गए थे। इसी दौरान उसके चाचा ने पाइप नहीं जोड़ने दिया। इस बात को लेकर उसके पिता के साथ झगड़ा करने लगे। कर्मबीर का आरोप है कि झगड़ा शुरू होते ही उसका चाचा सत्यवान, चचेरा भाई दीपक व चाची रेखा अपने घर से लाठी-डंडे निकाल लाए। उन्होंने उसके पिता रामफल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। स्वजनों ने मौके पर पहुंच उन्हें छुड़वाया। घायल को पीजीआई ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
मामले में तीन पर केस दर्ज
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मृतक के भाई सत्यवान, सत्यवान के बेटे दीपक व सत्यवान की पत्नी रेखा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दोनों भाईयों के परिवार में पहले भी खेतों के बंटवारे और अन्य बातों को लेकर झगड़ा होता था।







