Home » एअर इंडिया विमान हादसा : 31 शवों के डीएनए का हुआ मिलान, 12 को संबंधित परिवार के सदस्यों को सौंपा गया
देश

एअर इंडिया विमान हादसा : 31 शवों के डीएनए का हुआ मिलान, 12 को संबंधित परिवार के सदस्यों को सौंपा गया

नई दिल्ली/अहमदाबाद।  एअर इंडिया विमान हादसे को लेकर लगातार नए-नए अपडेट आ रहे हैं। हादसे में मृतकों का आंकड़ा 270 तक पहुंच गया है। इस बीच अहमदाबाद में सिविल अस्पताल के अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रजनीश पटेल ने बताया कि 31 शवों के डीएनए का मिलान हो गया है। 12 शवों को उनके संबंधित परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया है।

सरकारी बीजे मेडिकल कॉलेज में सर्जरी विभाग के प्रोफेसर डॉक्टर रजनीश पटेल ने बताया कि गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के डीएनए मिलान की प्रक्रिया जारी है। हादसे में कई शव इतने जल चुके हैं या क्षतिग्रस्त हो चुके हैं कि उनकी पहचान मुश्किल है। ऐसे में विमान में विमान में सवार सभी 241 शवों को बरामद करना मुश्किल होगा।

33 ड्रीमलाइनर विमानों में से नौ का निरीक्षण पूरा- इससे पहले नागरिक विमानन महानिदेशालय (DGCA) की ओर से एयर इंडिया के बोइंग 787-8 और 787-9 बेड़े पर बढ़ी हुई सुरक्षा जांच को अनिवार्य करने के निर्देश के बाद एयरलाइन ने शनिवार को कहा कि उसके 33 ड्रीमलाइनर विमानों में से नौ का निरीक्षण पूरा हो चुका है। शेष 24 विमानों का निरीक्षण नागरिक उड्डयन नियामक द्वारा दी गई समय-सीमा के भीतर किया जाएगा। यह कदम लंदन जाने वाली AI171 फ्लाइट की दुखद दुर्घटना के बाद उठाया गया।

विमान में सवार यात्रियों के अलावा कम से कम 21 शव दुर्घटना स्थल से बरामद किए गए- AIMA के उपाध्यक्ष और जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन बीजे मेडिकल कॉलेज के अध्यक्ष धवल गमेती ने यह भी कहा कि विमान में सवार यात्रियों के अलावा कम से कम 21 शव दुर्घटना स्थल से बरामद किए गए हैं और जिनका डीएनए परीक्षण अभी चल रहा है। अभी 270 शव घटनास्थल से बरामद किए गए हैं।

बता दें अहमदाबाद से लंदन जा रहा एअर इंडिया ड्रीमलाइनर विमान 12 जून की दोपहर को उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में 242 यात्री और चालक दल सवार थे। इसमें से एक व्यक्ति जिंदा बचा।  दुर्घटना में मारे गए लोगों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे। एयर इंडिया ने पुष्टि की थी कि विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत हो गई है।

Search

Archives