Home » 100 करोड़ की जीएसटी धोखाधड़ी में घिरे आप नेता संजीव अरोड़ा
देश

100 करोड़ की जीएसटी धोखाधड़ी में घिरे आप नेता संजीव अरोड़ा

पंजाब से लेकर दिल्ली-यूपी तक ईडी की छापामारी

जालंधर। पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा सहित अन्य लोगों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने मंगलवार को कई ठिकानों पर नए सिरे से तलाशी ली। 100 करोड़ रुपये के जीएसटी धोखाधड़ी केस में ईडी ने पंजाब-दिल्ली और यूपी में छापामारी की। अधिकारियों के मुताबिक, ईडी की यह तलाशी पंजाब के जालंधर व लुधियाना और उत्तर प्रदेश के बरेली व नोएडा सहित कुल छह ठिकानों पर चल रही है।

जांच के दायरे में आई इन जगहों में मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़ी कंपनी हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड के अलावा, उससे संबंधित अन्य लोगों और संस्थाओं के आवासीय व व्यावसायिक दफ्तर शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड से जुड़े वित्तीय लेन-देन और कथित मनी लॉन्ड्रिंग गतिविधियों की जांच के तहत की जा रही है। तलाशी के दौरान दस्तावेजों, डिजिटल उपकरणों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है और एजेंसी द्वारा बरामद सामग्री का विश्लेषण किया जा रहा है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय पंजाब में छोटे हिंदू व्यापारियों को परेशान कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में व्यापारियों के यहां छापे मारे जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, ईडी आज फिर से पंजाब में हिंदू व्यापारियों के यहां छापे मार रही है। ईडी पंजाब में छोटे हिंदू व्यापारियों को परेशान कर रही है। मैं व्यापारी समुदाय से अपील करता हूं कि वे घबराएं नहीं पंजाब सरकार उनके साथ है। हम सब मिलकर ईडी का सामना करेंगे।

Search

Archives