मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां दुर्गा पंडाल में प्रतिमा के सामने गरबा डांस कर रही एक नव विवाहिता अचानक गिर पड़ी, और वहीं हार्ट अटैक के चलते उसने दम तोड़ दिया। हादसे के दौरान महिला अपने पति संग मेरे ढोलना गाने पर शालीनता के साथ घूंघट डाले डांस कर रही थी। इस दौरान पति की तरफ इशारा करते हुए मेरे ढोलना, मेरे साजना, मैं तेरी हो गई, इशक विच खो गई और इन शब्दों के साथ ही महिला पति के सामने हमेशा के लिए इस दुनिया से विदा हो गई।

गरबा डांस कर रही महिला गश खाकर गिरी, हार्ट अटैक से मौत
खरगोन जिले के भीकनगांव ब्लॉक अंतर्गत आने वाले ग्राम पलासी में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 19 वर्षीय महिला गांव के सिंगाजी मंदिर के पास स्थापित दुर्गा पंडाल में दर्शन करने पहुंची थी। इस दौरान महिला का पति कृष्णपाल सहित बड़ी संख्या में गांव के महिला पुरुष वहां मौजूद थे। सभी भक्तिमय माहौल में मां दुर्गा की आराधना में लीन होकर उत्सवी माहौल के आनंद में डूबे हुए थे। इसी बीच परिसर में भक्ति और फिल्मी गीतों पर गरबा डांस शुरू हो गया, जिसमें महिला भी मेरे ढोलना वाले गीत पर डांस करने लगी। इसे देख महिला का पति भी उसका साथ देने महिला संग झूमने लगा।






