गुना। जिले की आरोन पुलिस ने जाली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। विदिशा के तीन युवकों को 4700 रुपये के नकली नोटों, प्रिंटर और अन्य सामग्री के साथ गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
आरोन पुलिस के अनुसार, गत 29 जनवरी की रात सूचना मिली थी कि नई मंडी के सामने सिरोंज रोड स्थित एक दुकान पर तीन युवकों ने सामान खरीदकर जाली नोट दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर तीनों आरोपितों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान माखन अहिरवार (25), कल्याण अहिरवार (24) निवासी ग्राम कालादेव थाना उनारसी कला जिला विदिशा तथा विनोद अहिरवार (33) निवासी आनंदपुर जिला विदिशा के रूप में हुई।
ये सामान किया जब्त
आरोपियों के कब्जे से 100 और 200 रुपये के कुल 2900 रुपये के जाली नोट बरामद किए गए। विवेचना के दौरान आरोपितों की निशानदेही पर जाली नोट छापने में प्रयुक्त कलर प्रिंटर, कार्टिज, ए-फोर साइज पेपर, कैंची, स्केल सहित 1800 रुपये के अन्य जाली नोट भी जब्त किए गए। इस प्रकार कुल 4700 रुपये के 30 जाली नोट बरामद हुए।
ऐसे खुली पोल
जानकारी के अनुसार, आरोपित पान दुकान से गुटखा खरीदने आए थे। उन्होंने दुकान से 20 रुपय का पाउच खरीदकर 100 रुपये का नोट दिया। दुकानदार को नोट पर वाटरमार्क और महात्मा गांधी की उभरी तस्वीर न दिखने से शक हुआ। उसने आसपास के लोगों की मदद से उन्हें पकड़कर पुलिस को सूचना दी। तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस उनके नेटवर्क की जांच कर रही है।







