कटनी। ट्रेन में यात्रियों की मोबाइल की चोरी व लूट करने वाले एक इनामी बदमाश को कटनी जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसके पास से 67 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी ट्रेनों में यात्रियों की मोबाइल की चोरी व लूट करता था। इतना ही नहीं अन्य बदमाशों से मोबाइल सस्ते दामों में खरीदकर भारी दामों में बिक्री करता था। पुलिस को लंबे समय से इसकी तलाश थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जप्त मोबाइल फोन की कीमत करीब 10 लाख 14 हजार से अधिक की आंकी गई है, जिसे आरोपी औने-पौने दामों में खरीद कर बाजार और ग्रामीण इलाकों के लोगों को महंगी कीमतों में बेचा करता था।
मामले का खुलासा करते हुए जीआरपी प्रभारी अरुणा वाहने ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर 10 हजार का इनामी शातिर बदमाश नीरज चौधरी को हिरासत में लिया है।
आरोपी पर चोरी, लूट जैसे कई मामले पूर्व में दर्ज पाए गए जिसके द्वारा चलती ट्रेनों में यात्रियों से उनका मोबाइल चोरी करने व बदमाशों से कम पैसों में खरीदने का काम किया करता था, जिसकी तलाश लंबे समय से की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर जीआरपी पुलिस आरोपी को खिरहनी फाटक के पास घेराबंदी से कर पकड़ा।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया। चोरी के मोबाइल अपने पास रखे होना बताया, जिनकी निशानदेही पर जीआरपी की टीम ने बड़वारा के ग्राम भदौरा निवास स्थित घर पर दबिश देते हुए वहां से 67 अलग-अलग कंपनी के मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इनकी कीमत 10लाख 14हजार 476 रुपए आंकी गई है। जीआरपी पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 41, 379 के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।







