कोरबा। एक नाबालिग की संदिग्ध हालत में मौत हुई है। बालक अपने भाई के साथ खेत पर काम करने के लिए गया हुआ था, कुछ देर बाद स्वास्थ्य ठीक नहीं लगा तो वह घर लौटा, इसके बाद मुंह से झाग निकलने लगा। घबराए परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे लेकिन डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला करतला थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार ग्राम कोई निवासी 16 वर्षीय रामदीश कंवर अपने बड़े भाई जगदीश कंवर के साथ खेत में काम करने के लिए गया हुआ था। कुछ देर बाद उसे तबीयत बिगड़ने का अहसास हुआ तो वह घर लौट आया। घर पहुंचते ही उसके मुंह से झाग निकलने लगा। यह देखकर परिजनों ने 108 संजीवनी एक्सप्रेस को कॉल किया। इसके बाद उसे अस्पताल लेकर गए, पर डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
0 सांप डसने की आशंका
परिजनों ने सांप के डसने से रामदीश की मौत होने की आशंका जताई है। रामदीश तीन भाइयों में सबसे छोटा था और कक्षा आठवीं की पढ़ाई कर रहा था। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का खुलासा हो सकेगा।







