कोरबा। कोरबा के कुसमुंडा-गेवरा मार्ग पर बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई। स्कूटी और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत के बाद दोनों सवार भारी वाहन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना बुधवार सुबह करीब 8 बजे गेवरा टीपर मार्ग की है। बताया जा रहा है कि स्कूटी और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हुई। इसी दौरान बाइक सवार युवक ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गया, जबकि स्कूटी सवार युवती को भी गंभीर चोटें आईं। दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की वजह से इस मार्ग पर बढ़ा यातायात दबाव भी माना जा रहा है। दरअसल, रेलवे अंडरब्रिज मरम्मत कार्य के चलते बंद है, जिसके कारण छोटे वाहन भी भारी वाहनों की आवाजाही वाले टीपर मार्ग से गुजर रहे हैं।
सूचना मिलते ही 112, संजीवनी वाहन और कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। इस हादसे ने एक बार फिर भारी वाहनों के बीच छोटे वाहनों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







