कोरबा। मंगलवार की देर रात बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम नामलेपरा में पारिवारिक विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई पर टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
घटना के बाद घर में हड़कंप मच गया। परिजन और आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में घायल मथुरा को परिजन 108 एंबुलेंस की मदद से पौड़ी उपरोड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कैलाश धनवार मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह गांव से लगे जंगल की ओर भाग गया है। घटना की सूचना मिलते ही बांगो थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, खून से सनी टांगी को जब्त किया और परिजनों के बयान दर्ज किए।
मृतक की पत्नी प्रमिला धनवार की रिपोर्ट पर बांगो पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।







