कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के तुमान गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शराब के नशे में धुत पति और पत्नी के बीच हुए झगड़े ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया। इसी दौरान पत्नी ने आत्मरक्षा में पत्थर से पति के सिर पर जोरदार हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रातभर कमरे में मृतक की लाश पड़ी रही और शुक्रवार सुबह गांव वालों को घटना की जानकारी मिली। मृतक की पहचान 40 वर्षीय मनहरण यादव के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसकी 37 वर्षीय पत्नी कविता यादव है। बताया जा रहा है कि पति शराब के नशे में आए दिन विवाद करता था, एक बार फिर पत्नी से विवाद करते हुए उस पर हमला किया। सिर पर चोट लगने के बाद बचाव में पत्नी ने पत्थर उठाकर पति पर वार कर दिया।
सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के आठ बच्चे हैं जिसमें 6 बेटियां है और दो बेटे है, जिसमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है बाकी अभी छोटे हैं। मृतक खेती किसानी का काम करता था और शराब पीने का आदी था।







