हिंदू क्रांति सेना और बजरंग दल का ऐतिहासिक आयोजन
कोरबा। चैत्र नवरात्रि और हिंदू नववर्ष के मौके पर ऊर्जानगरी कोरबा में आस्था, उत्साह और शक्ति का ऐसा संगम देखने को मिला जिसने पूरे शहर को भगवामय बना दिया। “हर घर से एक ही नारा, जय श्रीराम” के जयघोष के साथ गुरुवार को निकली भव्य शोभायात्रा ने माहौल को पूरी तरह धार्मिक ऊर्जा से भर दिया।
हिंदू क्रांति सेना और बजरंग दल के नेतृत्व में निकली इस दिव्य शोभायात्रा में डीजे, लेजर लाइट और भक्ति के रंग का जबरदस्त मेल दिखा। देर रात तक शहरवासी झूमते रहे और जय सियाराम के नारों से पूरा कोरबा गूंजता रहा।
इस बार की शोभायात्रा खास रही, क्योंकि हिंदू नववर्ष और चैत्र नवरात्रि का डबल उत्साह एक साथ देखने को मिला। कोसाबाड़ी चौक से शुरू होकर घंटाघर, बुधवारी, टीपी नगर होते हुए सीतामणी स्थित श्री राम जानकी मंदिर तक यात्रा निकाली गई। इस दौरान भगवान राम और माता सीता की आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
दो अलग-अलग शोभायात्राएं शहर में एक साथ आगे-पीछे चलती नजर आईं, जिससे पूरे शहर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। लाखों की संख्या में लोग इसमें शामिल हुए, जिनमें युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
शोभायात्रा के दौरान कई सामाजिक संगठनों ने सेवा भाव दिखाते हुए जगह-जगह शीतल पेय का वितरण किया। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद रही। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में भारी पुलिस बल तैनात किया गया, जबकि यातायात पुलिस ने भी लगातार निगरानी बनाए रखी।
कुल मिलाकर, कोरबा में इस बार का हिंदू नववर्ष और नवरात्रि उत्सव सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि शक्ति, एकता और आस्था का विशाल प्रदर्शन बनकर सामने आया।







