सूरत। गुजरात के सूरत शहर में एक इमारत में आग लगने और सिलेंडर फटने से दो लोगों की मौत हो गई, वहीं नौ लोग घायल हो गए। बिल्डिंग से कुल 11 लोगों को बाहर निकाला गया।
दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना भारतनगर के कापोदरा इलाके में रचना सर्कल के पास स्थित इमारत की तीसरी मंजिल पर सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुई। इमारत में कढ़ाई का भी काम होता था। उन्होंने बताया कि इमारत में आठ गैस सिलेंडर रखे हुए थे, जिनमें से दो में विस्फोट हो गया जिससे दो लोगों की मौत हो गई।
11 लोगों को बाहर निकाला
अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही चार दमकल केन्द्रों से दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। पहुंचने पर देखा गया कि आग भयंकर रूप से फैल रही थी। दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही एक एलपीजी सिलेंडर फट गया, जिससे आग और तेजी से फैली। उन्होंने बताया कि दमकल कर्मियों ने इमारत की तीसरी मंजिल में लगी ‘शीट’ को तोड़ दिया और अंदर फंसे लोगों को निकालकर अस्पताल भेजा गया। अधिकारी ने बताया कि कुल 11 लोगों को बाहर निकाला गया। उनमें से नौ को मामूली चोटें आईं, जबकि दो की मौत हो गई।







