कोरबा। कटघोरा-जेन्जरा बायपास मार्ग पर पतरापाली मोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना में चालक की दबने से मौत हो गई, वहीं हेल्पर जख्मी हो गया। उसे कटघोरा अस्पताल में भर्ती किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर तेज गति में था और पतरापाली मोड़ के पास चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन मौके पर मिली जानकारी के अनुसार उसका नाम राम बताया जा रहा है और उम्र लगभग 23 वर्ष के आसपास है। घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल हेल्पर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद यातायात नियमों की अनदेखी जारी है। पुलिस ने लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और गति सीमा का पालन करने की अपील की है।







