कोरबा। प्रशासनिक हलकों में उस समय शोक की लहर फैल गई, जब कोरबा तहसीलदार के ड्राइवर उत्तरा कुमार कश्यप का शव बालको क्षेत्र के लाल घाट में देर शाम बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उत्तरा कुमार कश्यप सुबह से ही घर से निकले हुए थे। बताया जा रहा है कि उन्हें नशे की लत थी, जिसके चलते आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक शराब सेवन के कारण उनकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया है। परिजनों के आने के बाद पंचनामा कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हर पहलू को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद प्रशासनिक और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।







