कोरबा। नवा बरपारा कोहड़िया में सड़क किनारे झाड़ियों में खून से लथपथ मिली लाश के आरोपियों की अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस लगातार आरोपियों तक पहुंचने जांच में जुटी हुई है।
बता दें रविवार की सुबह सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत कोहड़िया नाला के पास खून से लथपथ एक युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वाड की मदद से सुराग तलाशते हुए जांच शुरू कर दी । लेकिन अब तक आरोपी का कुछ पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र अंतर्गत आने वाले नवा बरपारा कोहड़िया में सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने की खबर आम हुई। प्रथम दृष्टया मामला धारदार हथियार से हत्या कर शव फेंके जाने का लग रहा है। घटनास्थल पर शव को घसीटने और खून के निशान मिले हैं। लोगों ने सुबह के वक्त झाड़ियों में शव देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने मृतक की पहचान बसंत पटेल 37 वर्ष के रूप में की है। वह मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ ब्लॉक के सोनसरी गांव का निवासी था। पिछले करीब तीन साल से वह कोरबा के दुरपा सर्वमंगला बरमपुर में किराए के मकान में रह रहा था और इंडस्ट्रियल एरिया स्थित संजय फैक्ट्री में काम करता था।
बताया जा रहा है कि बसंत शुक्रवार सुबह 8 बजे फैक्ट्री जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह शव को लोगों ने देखा तो इसकी जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद से पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि बसंत शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। वह दो दिन पहले ही अपने छोटे भाई की शादी से गांव से कोरबा लौटा था। उसकी पत्नी और बच्चे अभी गांव में ही हैं। पत्नी बरमपुर के एक निजी स्कूल में टीचर है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में दहशत है।







