Home » बजाज फायनेंस से लोन का दिया झांसा, एसईसीएल कर्मी से 7 लाख की ठगी
कोरबा छत्तीसगढ़

बजाज फायनेंस से लोन का दिया झांसा, एसईसीएल कर्मी से 7 लाख की ठगी

ऐसे बनाया शिकार

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के गेवरा-दीपका इलाके में बजाज फाइनेंस से लोन दिलाने का झांसा देकर एसईसीएल कर्मी से करीब 7 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने लोन की प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर कर्मचारी से अलग-अलग समय पर रकम जमा कराई। कई बार पैसे देने के बाद भी जब लोन की राशि नहीं मिली तो कर्मचारी को संदेह हुआ और उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की।

शिकायत मिलने के बाद कोरबा साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर टीम दीपका पहुंची और शिकायतकर्ता से घटना से जुड़ी जानकारी लेने के साथ मोबाइल फोन, बैंक लेनदेन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जानकारी जुटाई। अब जांच के दौरान उन मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की पड़ताल की जा रही है, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर ठगी के लिए किया गया।

लोन दिलाने का झांसा देकर ऐसे जमा कराई रकम

जानकारी के अनुसार, दीपका विस्तार परियोजना में पदस्थ एसईसीएल कर्मी ज्ञान जायसवाल को आरोपियों की ओर से फोन किया गया था। फोन करने वालों ने बजाज फाइनेंस के जरिए लोन दिलाने की बात कही और प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में पैसे जमा करने को कहा। कर्मचारी ने आरोपियों के बताए तरीके से कई बार रकम ट्रांसफर की। इस तरह करीब 7 लाख रुपये जमा कराने के बाद भी लोन नहीं मिला और आरोपी लगातार अलग-अलग वजह बताकर मामले को टालते रहे।

साइबर सेल ने शुरू की डिजिटल जांच

ठगी का पता चलने के बाद शिकायत पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद साइबर सेल की टीम ने जांच आगे बढ़ाई। साइबर निरीक्षक ललित चंद्रा और अजय सोनवानी सहित टीम के सदस्यों ने शिकायतकर्ता से घटना की जानकारी ली। टीम ने मोबाइल फोन और बैंक लेनदेन से संबंधित डिजिटल जानकारी जुटाई है। पुलिस अब कथित ठगी में इस्तेमाल हुए नंबरों, बैंक खातों और ऑनलाइन लेनदेन की कड़ियों को खंगाल रही है।

साइबर फ्रॉड होते ही 1930 पर करें शिकायत

पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन ठगी होने की स्थिति में बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। साइबर धोखाधड़ी के मामलों में शुरुआती समय में शिकायत मिलने पर संबंधित डिजिटल लेनदेन पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने में मदद मिल सकती है। पुलिस ने लोगों को लोन दिलाने के नाम पर फोन करने वाले अज्ञात लोगों के कहने पर किसी भी तरह की रकम ट्रांसफर करने से पहले पूरी जानकारी जांचने की सलाह दी है।

Search