Home » असम में पूर्व सीएम भूपेश बघेल के काफिले पर पथराव, गाड़ियों के शीशे टूटे
छत्तीसगढ़

असम में पूर्व सीएम भूपेश बघेल के काफिले पर पथराव, गाड़ियों के शीशे टूटे

बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

रायपुर। असम से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। असम के नागांव लोकसभा उपचुनाव के लिए प्रचार के दौरान सोमवार को समागुड़ी में भूपेश बघेल के काफिले पर हमला हुआ है। आरोप है कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए, जिसके बाद बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई।

असम के नागांव में सोमवार को चुनाव प्रचार के दौरान बड़ा हंगामा हो गया। समागुड़ी विधानसभा के बारामा बाजार इलाके में कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इसी दौरान छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम और असम कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल के काफिले पर पथराव कर दिया गया। बताया जा रहा है कि बघेल नागांव लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के लिए पहुंचे थे, तभी समागुड़ी के बरमा इलाके में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाए और गो-बैक के नारे लगाए. इसके बाद दोनों पक्षों में झड़प हो गई।

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षाबल मौके पर पहुंचे। सीआरपीएफ को लाठीचार्ज करना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर और एसपी भी मौके पर पहुंचे।

काफिले पर भाजपा के लोगों ने किया हमला- भूपेश बघेल

भूपेश बघेल ने एक्स पर लिखा, आज नगांव में चुनाव प्रचार के लिए जा रहे कांग्रेस के काफिले पर भाजपा के लोगों ने प्राणघातक हमला किया है। कारों पर पत्थर से हमले हुए हैं। भीतर बैठे एआईसीसी के सचिव मनोज चौहान और अन्य साथियों को चोटें आई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गौरव गोगोई जिस कार में थे, उस पर तो एसिड तक फेंका गया। गनीमत है कि कार के शीशे बंद थे। बाइक से काफी दूर तक पीछा भी किया गया। इसकी रिपोर्ट थाने में लिखाई गई है। भाजपा का चेहरा एक बार फिर बेनकाब हुआ है। मुख्यमंत्री हिमंत विस्वा सरमा के गुंडाराज का पर्दाफाश हुआ है। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। क्योंकि आचार संहिता के बाद कानून व्यवस्था चुनाव आयोग की जिम्मेदारी होती है। भाजपा के इस हमले की वजह उपचुनाव हारने का डर बना हुआ है।

Search