कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मोबाइल फोन को लेकर हुए पारिवारिक विवाद के बाद 17 वर्षीय छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। दर्री थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरी में कक्षा नौवीं में पढ़ने वाली छात्रा सानिया बानो ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक, 31 अक्टूबर की रात सानिया का मोबाइल फोन को लेकर अपने भाई से विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर मां ने मोबाइल छिपा दिया और दोनों को फोन इस्तेमाल नहीं करने की बात कही। इससे नाराज होकर सानिया घर के टॉयलेट में चली गई। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई।
दरवाजा तोड़कर देखा तो फंदे पर मिली छात्रा
परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने टॉयलेट का दरवाजा तोड़ा तो सानिया अंदर फंदे पर लटकी मिली। परिवार के लोग उसे तत्काल अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने पर दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिवार में पसरा मातम
सानिया की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। अचानक हुई इस घटना से परिजन सदमे में हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।







