Home » मदनपुर व करैहापारा में लोनर ने ढहाए दो मकान, परिवार बेघर, ग्रामीणों में दहशत
कोरबा छत्तीसगढ़

मदनपुर व करैहापारा में लोनर ने ढहाए दो मकान, परिवार बेघर, ग्रामीणों में दहशत

ड्रोन कैमरों से हो रही निगरानी

कोरबा। पड़ोसी सरगुजा वनमंडल से पहुंचे खतरनाक लोनर हाथी का केंदई रेंज में आतंक जारी है। इस लोनर हाथी ने बीती रात फिर उत्पात मचाते हुए रेंज के मदनपुर व करैहापारा में दो ग्रामीणों के मकान को ढहा दिया। इस घटना में दोनों ग्रामीणों के परिवार बाल-बाल बच गए। उन्होंने घर के एक कमरे में दुबक कर अपनी जान बचाई। वन विभाग द्वारा लोनर की निगरानी ड्रोन कैमरे के जरिए लगातार की जा रही है।

जानकारी के अनुसार सरगुजा वनमंडल से एक खतरनाक लोनर हाथी का प्रवेश कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज में हुआ है। लोनर ने आते ही क्षेत्र में आतंक मचाना शुरू कर दिया है। पहले दिन उसके द्वारा एक ग्रामीण के घर को निशाना बनाया। उसके बाद दूसरे दिन हाथी ने पतुरियाडांड मेें डोरी बीनने जंगल गई एक वृद्ध महिला पर हमला कर उसे पैरों तले कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वृद्धा की मौत से सहमे क्षेत्र के ग्रामीण अभी सामान्य हुए भी नहीं थे कि बीती रात लोनर हाथी ने मदनपुर व उसके आश्रित मोहल्ला करैहापारा में जमकर उत्पात मचाया।

इस दौरान लोनर ने करैहापारा निवासी तुलेश्वर पिता दुर्गेश सिंह गोंड़ तथा मदनपुर में शांति बाई पति परदेशी पनिका के घर को निशाना बनाते हुए क्षतिग्रस्त कर दिया। जिससे दोनों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। हाथी ने जिस समय यहां धावा बोला, दोनों परिवार के सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। लोनर की आहट व चिंघाड़ सुनकर जागे और घर के एक कमरे में छिपकर किसी तरह जान बचाई और वन विभाग को सूचित किया। जिस पर वन अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और लोनर को खदेड़ऩे की कार्यवाही की। खदेड़े जाने पर लोनर ने जंगल का रूख किया। वर्तमान में उसका लोकेशन पुटा जंगल में दिखा रहा है।

केंदई रेंजर अभिषेक दुबे ने बताया कि डीएफओ कुमार निशांत के निर्देशानुसार लोनर हाथी की निगरानी बढ़ा दी गई है। उसकी मौजूदगी वाले जंगल के आसपास के गांवों में लगातार मुनादी कराई जा रही है और लोगों को सावधान किया जा रहा है। हाथी की निगरानी में मैदानी अमले के अलावा ड्रोन कैमरे को भी लगाया गया है।

भंवरकछार में भी उत्पात

उधर, जटगा रेंज के मेढ़उड़ पहाड़ पर मौजूद 27 हाथियों के दल में से आधा दर्जन हाथी बीती रात पहाड़ से नीचे उतर गए और भंवरकछार में पहुंचकर वहां आनंद सिंह पिता इतवार सिंह नामक एक ग्रामीणों के मकान को तोड़ दिया तथा वहां रखे धान, चावल, दाल एवं अन्य अनाज को चट कर गया। पीड़ित ग्रामीण द्वारा सूचना दिए जाने पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचकर हाथी द्वारा किए गए नुकसानी के आंकलन में जुट गए हैं।

Search

Archives