कोलकाता। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में निर्माणाधीन गोदाम की छत गिरने से आज बुधवार को बड़ा हादसा हो गया है। यहां मलबे में 40 से ज्यादा लोगों के फंसे होने की आशंका है। मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। यहां पहली मंजिल पर छत बनाने का काम चल रहा था, तभी अचानक लोहे से बना स्ट्रक्चर गिर गया, जिससे हादसा हो गया। अभी तक 13 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है।
हालांकि, अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि कुल कितने लोग मलबे में फंसे हैं। आशंका है कि 40 से ज्यादा लोग अंदर फंसे हो सकते हैं। सेना और दमकलकर्मी बचाव अभियान में लगे हुए हैं। गैस कटर से स्ट्रक्चर काटकर लोगों को मलबे से निकालने की कोशिश चल रही है।
लोहे के बीम और कंक्रीट का मलबा मजदूरों पर गिरा : स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जब अचानक निर्माणाधीन छत गिरी, तो उस वक्त कई मजदूर बिल्डिंग के अंदर ही काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि हादसे में लोहे के बड़े बीम और कंक्रीट का मलबा नीचे मजदूरों पर आ गिरा, जिससे मजदूर मलबे के नीचे ही दब गए।
हादसे के बाद का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स किसी को फोन पर कहता हुआ सुनाई दे रहा है कि सर जल्दी से आदमी भेजिए, यहां कई लोग मलबे में दबे हैं। कई लोगों की मौत हो गई है। इस वीडियो में लोहे के बड़े-बड़े बीम और कंक्रीट का मलबा गिरा हुआ दिखाई दे रहा है।







