Home » श्रेयस अय्यर की कप्तानी में नई टी20 की शुरुआत, आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे पर रवाना हुई टीम
खेल

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में नई टी20 की शुरुआत, आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे पर रवाना हुई टीम

टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीतने के बाद भारतीय टीम अब एक नए अध्याय की शुरुआत करने जा रही है। श्रेयस अय्यर की अगुआई में भारतीय टीम सोमवार को चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से आयरलैंड और इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल दौरे के लिए रवाना हुई। भारत को सबसे पहले आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मुकाबले खेलने हैं। दोनों मैच डबलिन में 26 और 28 जून को खेले जाएंगे। इसके बाद टीम इंग्लैंड का दौरा करेगी, जहां पांच टी20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी।

सबसे ज्यादा चर्चा में वैभव सूर्यवंशी :  इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी हैं। महज 15 साल 71 दिन की उम्र में भारतीय टीम में जगह बनाकर उन्होंने 36 साल पुराना सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। हाल ही में आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव को पहली बार सीनियर भारतीय टीम में शामिल किया गया है। अगर उन्हें आयरलैंड या इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू का मौका मिलता है तो वह भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो जाएंगे।

प्रिंस यादव को भी मिला पहला मौका :  युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव के लिए भी यह दौरा बेहद खास है। आईपीएल 2026 में प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद उन्हें पहली बार भारतीय टी20 टीम में चुना गया है। क्रिकेट विशेषज्ञों की नजरें इस युवा तेज गेंदबाज पर भी रहेंगी, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में अपनी गति तथा नियंत्रण से प्रभावित किया है।

श्रेयस अय्यर के सामने नई जिम्मेदारी : टी20 टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर के हाथों में है। टी20 विश्व कप जीत के बाद यह उनकी पहली बड़ी जिम्मेदारी होगी। यह सीरीज सिर्फ जीत-हार के लिहाज से महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक और 2028 टी20 विश्व कप की तैयारियों के नजरिए से भी बेहद अहम मानी जा रही है।

टीम में कई बदलाव  :  अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को शुरुआती टीम में चुना गया था, लेकिन बाद में उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को शामिल किया गया। वहीं मेनिस्कस सर्जरी के बाद पुनर्वास से लौट रहे हर्षित राणा की भी टीम में वापसी हुई है। लेग स्पिनर रवि बिश्नोई भी एक बार फिर भारतीय टीम का हिस्सा बने हैं।

वनडे टीम में विराट कोहली की वापसी :  इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में शुभमन गिल भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि श्रेयस अय्यर उपकप्तान होंगे। इस सीरीज में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की वापसी भी देखने को मिल सकती है। कोहली हैमस्ट्रिंग चोट के कारण हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज नहीं खेल पाए थे। हालांकि उनकी उपलब्धता फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगी।

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर भारत का पूरा कार्यक्रम

भारत बनाम आयरलैंड टी20 सीरीज

तारीखमुकाबलास्थानसमय (भारतीय)
26 जूनपहला टी20डबलिनशाम 6:00 बजे से
28 जूनदूसरा टी20डबलिनशाम 6:00 बजे से

भारत बनाम इंग्लैंड टी20 सीरीज

तारीखमुकाबलास्थानसमय (भारतीय)
1 जुलाईपहला टी20चेस्टर-ले-स्ट्रीटरात 10:00 बजे से
4 जुलाईदूसरा टी20मैनचेस्टरशाम 7:00 बजे से
7 जुलाईतीसरा टी20नॉटिंघमरात 10:00 बजे से
9 जुलाईचौथा टी20ब्रिस्टलरात 10:00 बजे से
11 जुलाईपांचवां टी20साउथैम्प्टनशाम 7:00 बजे से

भारत बनाम इंग्लैंड वनडे सीरीज

तारीखमुकाबलास्थानसमय (भारतीय)
14 जुलाईपहला वनडेबर्मिंघमदोपहर 3:30 बजे से
16 जुलाईदूसरा वनडेकार्डिफशाम 5:30 बजे से
19 जुलाईतीसरा वनडेलंदनदोपहर 3:30 बजे से

Search