तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई ,पहिया टूटकर दूर गिरा, तीन नाबालिग बाल-बाल बचे
2 months ago
कोरबा। सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत कोहड़िया मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला पहिया टूटकर अलग फेंका गया और वाहन सड़क पर कई बार पलटी मारी। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना दोपहर के समय की है। कोहड़िया मार्ग पर तेज गति से जा रही कार अचानक अनियंत्रित हुई और डिवाइडर से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद कार उछलकर सड़क पर पलट गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और राहगीरों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
कार में कुल तीन युवक सवार थे, जिनकी उम्र 17 से 18 साल बताई जा रही है। तीनों नाबालिग थे और तेज गति से वाहन चला रहे थे। सुखद पहलू यह रहा कि सीट बेल्ट और एयरबैग के कारण तीनों बाल-बाल बच गए। उन्हें मामूली चोटें आईं हैं। हादसे के बाद तीनों युवक घबराए हुए थे और स्थानीय लोगों ने उन्हें पानी पिलाकर ढांढस बंधाया। हादसे की सूचना मिलते ही CSEB चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और कार को सड़क से हटवाया। तीनों युवकों से पूछताछ की गई। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।