Home » बेलगाम हाईवा ने एक ही परिवार के 4 युवकों को रौंदा
झारखंड

बेलगाम हाईवा ने एक ही परिवार के 4 युवकों को रौंदा

गढ़वा। गढ़वा-रेहला मुख्य मार्ग पर देर रात रफ्तार के कहर ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। बेलचंपा गांव के समीप एक अज्ञात हाईवा ने स्कार्पियो को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वाहन में सवार चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि स्कार्पियो पूरी तरह चकनाचूर हो गई और चारों युवकों के शव लोहे के मलबे में फंस गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और मृतकों के गांवों में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि झारखंड में अवैध खनन में लगे हाईवा ऐसे ही बेलगाम हैं।

जानकारी के अनुसार पलामू जिले के रहने वाले ये चारों युवक श्रीबंशीधर नगर थाना क्षेत्र के बिलासपुर गांव गए थे। वहां जितेंद्र पासवान की मौसेरी बहन की सगाई का कार्यक्रम था। परिवार में उत्सव का माहौल था और सगाई की रस्में पूरी होने के बाद सभी युवक खुशी-खुशी स्कार्पियो से वापस घर लौट रहे थे। उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। जैसे ही उनकी गाड़ी बेलचंपा गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया । स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात हुआ हादसा महज एक दुर्घटना नहीं, बल्कि उस बेलगाम रफ्तार का नतीजा है जो अक्सर अवैध खनन के कारोबार में देखने को मिलती है। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए।

Search

Archives