Home » मसांजोर डैम में नाव पलटने से पर्यटक की डूबने से मौत
झारखंड

मसांजोर डैम में नाव पलटने से पर्यटक की डूबने से मौत

झारखंड के दुमका जिले में स्थित मसांजोर डैम में नाव पलटने से पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के एक 28 वर्षीय पर्यटक की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पांच दोस्त घूमने पहुंचे थे मसांजोर डैम :  पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले से पांच लोग रविवार को दुमका जिले के मसांजोर डैम घूमने पहुंचे थे। सभी पर्यटक डैम क्षेत्र में घूमने के दौरान एक स्थानीय मछुआरे की नाव लेकर पानी में उतर गए।

मसांजोर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि पर्यटकों ने नाव मालिक की अनुमति के बिना नाव ली थी और उसे डैम के उस हिस्से में ले गए, जिसे डेंजर जोन घोषित किया गया है। नाव को वे खुद चला रहे थे, तभी अचानक नाव पलट गई।

चार लोग तैरकर निकले, एक की डूबने से मौत :  हादसे के दौरान पांच में से चार लोग तैरकर सुरक्षित किनारे तक पहुंच गए, जबकि एक युवक तैरना नहीं जानता था, जिसके कारण वह डूब गया। घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

रविवार रात बरामद हुआ शव :  थाना प्रभारी ने बताया कि देर रात युवक का शव डैम से बाहर निकाल लिया गया। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी सौविक दास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मुर्शिदाबाद कोर्ट में प्रैक्टिस करते थे।

Search

Archives