Home » दुष्कर्म के आरोपी की पीट-पीटकर हत्या मामले में दो सब-इंस्पेक्टर सहित 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड
झारखंड

दुष्कर्म के आरोपी की पीट-पीटकर हत्या मामले में दो सब-इंस्पेक्टर सहित 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड

झारखंड /चतरा । दुष्कर्म के आरोपी की आक्रोशित भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के दौरान भीड़ को रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाने के आरोप में दो सब-इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, मामले में अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

चतरा के पुलिस अधीक्षक अनीमेष नैथानी ने बताया कि टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार की ओर से की गई जांच में सामने आया कि घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने भीड़ को रोकने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। एसपी के अनुसार, ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में सब-इंस्पेक्टर सुनील सिंह और दुलारी पूर्ति तथा कांस्टेबल दशरथ महतो और प्रदीप कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

दुष्कर्म के आरोप के बाद भीड़ ने आरोपी को पीटा :  पुलिस के अनुसार, चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। उस पर पिछली रात एक युवती से दुष्कर्म करने का आरोप था। पुलिस ने बताया कि सोमवार रात युवती शौच के लिए घर से बाहर गई थी। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिवार के सदस्यों ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।

अगली सुबह युवती घर लौटी और उसने परिजनों को अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। इसके बाद परिवार के सदस्यों और गांव के कुछ लोगों ने कथित आरोपी को उसी गांव स्थित उसके घर से बाहर निकाला और लाठी-डंडों तथा पत्थरों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। पिटाई में आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।

दुष्कर्म मामले में पहले भी जेल जा चुका था आरोपी :  पुलिस के मुताबिक, मृतक आरोपी वर्ष 2023 के एक दुष्कर्म मामले में जेल में बंद था और हाल ही में जेल से बाहर आया था। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Search

Archives