Home » युवक को रोटावेटर के नीचे धकेला, शरीर के हुए कई टुकड़े, तीन पर हत्या का मामला दर्ज
हरियाणा

युवक को रोटावेटर के नीचे धकेला, शरीर के हुए कई टुकड़े, तीन पर हत्या का मामला दर्ज

बापौली/पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले के गांव गढ़ी नवाब में बुधवार को खेत की जुताई करने गए 22 वर्षीय मोहित के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की और रोटावेटर के नीचे धकेल दिया, जिससे शरीर के कई टुकड़े हो गए व युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना पर स्वजन व पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक मोहित परिवार का इकलौता बेटा था। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर गांव लाखू बुआना निवासी आजाद, जौंधन कलां निवासी सतीश, बड़ौदा निवासी गौरव के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

वारदात के बाद फरार हो गए आरोपी

गांव गढ़ी नवाब निवासी राजकुमार ने थाना बापौली में दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके बेटे मोहित की हत्या प्लानिंग करके की गई है। बुधवार सुबह उनका बेटा मोहित करीब 10 बजे ट्रैक्टर व रोटावेटर लेकर खेत की जुताई करने गया था।

कुछ देर बाद जब वह स्वयं खेत की ओर जा रहे थे तो उन्होंने दूर से देखा कि कुछ लोग उनके बेटे के साथ हाथापाई कर रहे हैं और उसे चलते ट्रैक्टर के नीचे खींचने का प्रयास कर रहे हैं। राजकुमार का कहना कि जब उन्होंने शोर मचाया तो आरोपितों ने उनके बेटे को ट्रैक्टर से खींचकर सीधे रोटावेटर के नीचे धकेल दिया।

जब वह ट्रैक्टर के पास पहुंचे तो आरोपित मौके से फरार हो गए। शिकायत में लाखूबुआना निवासी आजाद, जौंधन निवासी सतीश, बड़ौदा निवासी गौरव पर आरोप लगाए हैं। थाना बापौली प्रभारी वीरेंद्र का कहना है कि मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

Search

Archives