फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर-77 स्थित केएलजे ग्रीन सोसायटी के सामने शराब कारोबारी को एक युवक ने तीन गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। कारोबारी को घायल हालत में अमृता अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बीपीटीपी थाना पुलिस आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज करके तलाश में जुट गई है। वहीं मामले में आरोपित की तलाश के लिए क्राइम ब्रांच सेंट्रल और सेक्टर-30 क्राइम ब्रांच लगी हुई है।
सेक्टर-10 में रहने वाले सुरेश का शराब का कारोबार है। फरीदाबाद में उसके कई ठेके हैं। कारोबारी का सेक्टर-नौ में सैलून भी है। चार दिन पहले सुरेश केएलजे सोसायटी में रहने वाले अपने सुरक्षाकर्मी सोनू और उसकी पत्नी दुर्गेश के साथ मनाली घूमने गया था।
इस दौरान सुरेश सेक्टर-दो में रहने वाली मेघा को भी अपने साथ ले गया था। मेघा सुरेश के सेक्टर-नौ स्थित सैलून पर मैनेजर हैं। मेघा ने एक साल पहले जुन्हैड़ा के रहने वाले विनोद के साथ लव मैरिज की थी, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों का विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि मेघा सुरेश के साथ पहले भी घूमने गई थी, जिससे विनोद और मेघा का झगड़ा हो गया था। इसके साथ विनोद सुरेश के साथ भी रंजिश रखने लगा था। इस बार भी वह विनोद के मना करने पर सुरेश के साथ मनाली घूमने चली गई।
सोमवार देर रात करीब दो बजे मनाली से लौटने पर सुरेश अपने सुरक्षाकर्मी सोनू और उसकी पत्नी को केएलजे सोसायटी में छोड़ने गया। वहीं पर विनोद अपने एक साथी के साथ कार में आया और सुरेश पर फायरिंग कर दी।
सुरेश की छाती में तीन गोली लगी। एक गोली कारोबारी के पेट पर एक गोली गर्दन पर लगी। वहीं एक गोली पीड़ित की छाती में लगी। इस दौरान मौके पर मौजूद गनमैन ने आरोपित को पकड़ने की कोशिश की तो उसने अपने साथी के साथ गनमैन को बुरी तरह से पीट दिया।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घर से बाहर निकल आए। इसके बाद विनोद सुरेश को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। मौके पर पहुंची डायल 112 ने सुरेश को पास में स्थित अमृता अस्पताल में भर्ती कराया। गनमैन सोने को भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।







