Teej 2025: हरतालिका तीज पर्व को लेकर चारों तरफ उत्साह का माहौल है। महिलाएं हाथों में मेहंदी रचवा रही हैं और अपने पारंपरिक परिधानों के साथ इस खास दिन की तैयारी कर रही हैं। इस बार हरतालिका तीज का व्रत 26 अगस्त यानी मंगलवार को मनाया जाएगा।
यह व्रत बेहद कठिन माना जाता है क्योंकि इसे निर्जला उपवास के रूप में किया जाता है। इस दिन व्रती महिलाएं न तो अन्न ग्रहण करती हैं और न ही पानी पीती हैं। इतना ही नहीं, 24 घंटे चलने वाले इस व्रत में सोना भी वर्जित होता है। महिलाएं पूरी रात जागरण करती हैं और भगवान शिव-पार्वती के भजनों के साथ तीज के पारंपरिक गीत गाती-सुनती हैं। विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और वैवाहिक सुख के लिए यह व्रत रखती हैं, वहीं अविवाहित कन्याएं मनचाहे वर की प्राप्ति की कामना से इसे करती हैं।
भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री ने भी तीज पर कई गीत दिए हैं, जो महिलाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। इन्हीं में से एक गीत है निशा उपाध्याय का भक्ति गीत- तीज व्रत भूखल बानी… यह गाना सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और तीज के मौके पर महिलाओं की प्लेलिस्ट का हिस्सा बन चुका है। इस गाने को गाया है निशा उपाध्याय ने और वे खुद इसमें नजर भी आती हैं। गाने के बोल लिखे हैं महेश परदेसी ने, संगीत निर्देशन किया है कैलाश ने और इसे कंपोज किया है पारस मिधा ने। यह गीत 28 अगस्त 2019 को यूट्यूब चैनल वेव म्यूजिक पर अपलोड किया गया था। चारों ओर से मिल रहे प्यास और लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसे अब तक साढ़े चार मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।







