दुर्ग । जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हथियार के बल पर लूट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक शिक्षिका को निशाना बनाते हुए पिस्टल दिखाकर उनका पर्स लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, योगिता राज पुरोहित, जो जामगांव एम स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में व्याख्याता के पद पर कार्यरत हैं, स्कूल की छुट्टी के बाद अपने साथियों के साथ ई-रिक्शा से भिलाई-3 स्थित घर लौट रही थीं। इसी दौरान बंटग और अमेरी गांव के बीच बाइक पर सवार दो युवक ई-रिक्शा के पास पहुंचे और पाटन जाने का रास्ता पूछने के बहाने वाहन रुकवा लिया।
बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान एक आरोपी ने अचानक ई-रिक्शा चालक से विवाद शुरू कर गाली-गलौज और मारपीट करनी शुरू कर दी। जब शिक्षिका ने इसका विरोध किया तो दूसरे आरोपी ने पिस्टल निकालकर उन्हें धमकाया और उनका पर्स छीन लिया। लुटेरे शिक्षिका के पर्स में रखे करीब 6 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और बैंक से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने तत्काल अमलेश्वर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। पुलिस टीम अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।







