दुर्ग-भिलाई । पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने चरोदा स्थित एक फ्लैट में अवैध रूप से हुक्का संचालन का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में हुक्का पॉट, फ्लेवर और अन्य उपकरण सहित 13 हजार से अधिक का सामान बरामद किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में जुट गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चरोदा के विजय शांति हाईट्स के फ्लैट नंबर 23 में कुछ लोग अवैध रूप से हुक्का पिलाने और सेवन करने का काम कर रहे हैं।

सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापामार कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान फ्लैट में 6 युवक हुक्का पीते और पिलाते पाए गए। पूछताछ में किसी के पास भी वैध अनुमति संबंधी दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने सभी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में उज्जवल जैन, हर्ष जैन, रौनक जैन, हिमांशु वर्मा, उज्जवल चतुर्वेदी और आयुष सिंह शामिल हैं।
पुलिस को कार्रवाई के दौरान तीन हुक्का पॉट, दो हुक्का बर्नर, एक हुक्का चार्जर, प्लास्टिक पाइप के पांच पैकेट, 17 पैकेट हुक्का फ्लेवर, एक डिब्बा फ्लेवर और सिल्वर कॉइल पेपर बरामद किया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 की धारा 4(क) और 21 (क) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







