Home » निक्की हत्याकांड मामले में नया खुलासा : पत्नी और भाभी की इस बात से नाखुश था विपिन
दिल्ली-एनसीआर

निक्की हत्याकांड मामले में नया खुलासा : पत्नी और भाभी की इस बात से नाखुश था विपिन

ग्रेटर नोएडा।  ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली इलाके में हुए निक्की हत्याकांड में अब एक और नया खुलासा हुआ है। घर में पत्नी निक्की के बुटीक और भाभी कंचन के ब्यूटी पार्लर चलाने से आरोपी पति विपिन नाखुश था। साथ ही, उसे दोनों बहनों का इंस्टाग्राम चलाना भी पसंद नहीं था। आरोपी आए दिन निक्की से लड़ता था।

विपिन के फरार होने के बाद पुलिस ने आरोपी के परिजनों को कोतवाली बुलाया था।  खानपुर गांव के रहने वाले सोनू भाटी ने बताया कि गांव में रहने वाले एक दोस्त की मौसी का बेटा विपिन है। इस कारण विपिन दूर के रिश्ते में उनका भतीजा है। परिवार का काम अच्छा चलता है। विपिन का बड़ा भाई रोहित एक कंपनी में कार चलवाता है जबकि विपिन पिता के साथ दुकान पर बैठता है।
लड़ाई बुटीक खुलवाने को लेकर है। मां दया और विपिन के निक्की से मारपीट की जो वीडियो वायरल हो रही है वह पिछले साल नवंबर की है। इसके बाद समझौते को लेकर पंचायत हुई थी। बुटीक बंद हो गया था। मारपीट की पुरानी वीडियो इंस्टाग्राम पर डाली गई है। इस बार भी बुटीक खुलवाने को लेकर निक्की व कंचन ने योजना बनाई थी। निक्की ने खुद ही थिनर डाला था। घटना के समय विपिन और पिता घर के बाहर नीचे थे। मां दया दूध लेने के लिए गई थी जबकि रोहित काम से गया था।
बड़ी बहन के इंस्टाग्राम पर है 49.5 हजार फॉलोअर-  बड़ी बहन कंचन मेकओवर आर्टिस्ट है। वह ससुराल में मकान के दूसरे तल पर ब्यूटी पार्लर चलाती है। कंचन के द्वारा ही कंचन मेकओवर नाम से इंस्टाग्राम अकाउंट का संचालन होता है। इस इंस्टाग्राम 49.5 हजार फॉलोअर है। घटना के बाद उसके द्वारा निक्की के पति और सास के पीटने का वीडियो पोस्ट किया गया था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। उसने निक्की के जलने वाला वीडियो भी डाला था लेकिन इसे सोशल मीडिया पॉलिसी के तहत डिलीट कर दिया गया।
वहीं, कंचन की ओर से लगातार इंस्टाग्राम पर अपने बहन की हक की लड़ाई के लिए आवाज उठाई जा रही है। परिजनों का कहना है कि दोनों बहनें इस इंस्टाग्राम से ज्यादा पोस्ट करती थी। निक्की के पर्सनल इंस्टाग्राम अकाउंट पर कम फॉलोअर थे। निक्की भी कंचन का इंस्टाग्राम हैंडल इस्तेमाल करती थी।
भद्दी टिप्पणियां करते थे लोग- सोनू का आरोप है कि दोनों के इंस्टाग्राम चलाने पर समाज के लोग भद्दी टिप्पणियां करते थे। दोनों बहनों को सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक था। इस कारण आए दिन कंचन मेकओवर नाम से इंस्टाग्राम अकाउंट पर रील बनाने के साथ वीडियो और फोटो पोस्ट करती थी।  इस पर आने वाली भद्दी टिप्पणियों को लेकर भी विवाद होता था। निक्की के भाई की शादी पाली पल्ली गांव में हुई थी। उसने दूसरे समुदाय की युवती के चक्कर में अपनी पत्नी को छोड़ दिया था। विपिन के पिता ने इसका फैसला कराया था जिसमें 35 लाख रुपये में समझौता हुआ था। इस दौरान विपिन के पिता ने रिश्तेदारी निभाने के लिए 35 लाख रुपये देने की हामी भरी थी। यह लड़ाई इन पैसों को लेकर थी। विपिन के पिता पर पैसा देने का दबाव बनाया जा रहा था।

Search

Archives