नई दिल्ली। आईपीएस अधिकारी संजुक्ता परासर को सीआरपीएफ की स्पेशल जंगल वारफेयर कमांडो यूनिट, कोबरा का आइजी नियुक्त किया गया है। वह इस पद पर नियुक्त होने वाली पहली महिला हैं। परासर असम-मेघालय कैडर की 2006 बैच की आइपीएस अधिकारी हैं।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) मुख्यालय ने पिछले हफ्ते इस बारे में आदेश जारी किया। परासर, कमांडो बटालियन फार रिजाल्यूट एक्शन (कोबरा) के आइजी के तौर पर 1996 बैच के आइपीएस अधिकारी दानिश राणा की जगह लेंगी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘यह पहली बार है जब सीआरपीएफ की दस-बटालियन वाली मजबूत कोबरा यूनिट की कमान एक महिला अधिकारी संभालेंगी।’
परासर ने अपने कैडर राज्य असम में काम करने के अलावा, नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआइए) में भी काम किया है। सीआरपीएफ ने कई भारतीय राज्यों में माओवादियों और कुछ पूर्वाेत्तर राज्यों में विद्रोह से निपटने के लिए 2008-09 में कोबरा का गठन किया था।







