नोएडा। गौतमबुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा में निक्की हत्याकांड का मुख्य आरोपी पति विपिन भाटी पुलिस के साथ मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी के साथ पुलिस की सिरसा चौराहे के पास मुठभेड़ हुई। पुलिस ने घायल को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हिरासत से भागने का प्रयास कर रहा था।
थाना कासना पुलिस आरोपी पति विपिन भाटी को हिरासत में लेकर घटना में इस्तेमाल ज्वलनशील पदार्थ की बरामदगी के लिए ले जा रही थी। तभी आरोपी उपनिरीक्षक से पिस्टल छीनकर भागा और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा के लिए जवाबी में फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में विपिन भाटी के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा गया है।
वहीं, दहेज की मांग को लेकर पत्नी निक्की की हत्या के आरोपी विपिन भाटी ने अस्पताल में कहा कि “मैंने नहीं मारा है न मैंने कुछ किया है वो अपने आप आत्महत्या की है, पत्नी और पति में हर जगह लड़ाई होती है ये कोई नई बात नहीं है…।
यह है पूरा मामला- उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले के कासना कोतवाली इलाके के सिरसा गांव में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता की क्रूरता से हत्या कर दी गई। ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता को बर्बरता से पीटा और फिर उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से झुलसने पर महिला की बहन उसे पड़ोसियों की मदद से अस्पताल ले गई, दो अस्पताल बदले, लेकिन इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। दिल दहलाने वाली घटना के बाद मृतका महिला की बहन और परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
रूपबास गांव के रहने वाले भिकारी सिंह ने बताया कि उनकी पुत्री कंचन (29) और निक्की (27) की शादी दिसंबर 2016 में सिरसा गांव के रहने वाले रोहित और उसके भाई विपिन से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी में स्कॉर्पियो गाड़ी और सभी सामान दिया था लेकिन शादी के बाद से ही ससुराल के लोग 35 लाख रुपये की मांग करने लगे।







