नई दिल्ली। दिल्ली और आसपास के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के कई हिस्सों में गुरुवार तड़के भारी बारिश हुई। लाजपत नगर, आर.के.पुरम, लोधी रोड और दिल्ली-हरियाणा सीमा सहित क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। दिल्ली के कालकाजी में पेड़ गिरने से बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई। पेड़ गिरने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
इससे पहले, मंगलवार को दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश हुई। मिंटो ब्रिज, विजय चौक, मोती बाग फ्लाईओवर, रफी मार्ग और निजामुद्दीन फ्लाईओवर सहित कई इलाकों में तेज बारिश हुई। राजधानी में स्वतंत्रता दिवस पर बारिश होने के आसार हैं। ऐसे में मौसम खुशनुमा रहेगा। मौसम विभाग ने दिनभर बादल छाने, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार जताए हैं।








