नईदिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी का मामला सामने आया है। कस्टम्स अधिकारियों ने एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से करीब 1.8 करोड़ रुपये कीमत का 1.346 किलो सोना बरामद किया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी सोने को केमिकल पेस्ट के रूप में अंडरगारमेंट में छिपाकर ले जा रहा था। आरोपी जेद्दा से दिल्ली पहुंचा था और यहां से उसे ढाका जाना था। कस्टम्स अधिकारियों ने तलाशी के दौरान आरोपी के पास से सोना बरामद किया। मामले में आगे की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सोना कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, यह कार्रवाई 12 सितंबर को दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के इंटरनेशनल ट्रांजिट एरिया में की गई। एयरपोर्ट पर तैनात जवानों को यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसे रोककर उसकी बारीकी से जांच की गई। तलाशी के दौरान यात्री के अंडरगारमेंट में छिपाकर रखे गए तीन अंडाकार कैप्सूल बरामद हुए। अधिकारियों के मुताबिक, इन कैप्सूल के अंदर सोने का केमिकल पेस्ट भरा हुआ था। बरामद सामग्री को आगे की जांच के लिए कस्टम्स अधिकारियों को सौंप दिया गया।







