Home » बिलासपुर पुलिस की बड़ी किरकिरी! लॉकअप में सिगरेट पीते हिस्ट्रीशीटर का वीडियो वायरल, बोला…
छत्तीसगढ़

बिलासपुर पुलिस की बड़ी किरकिरी! लॉकअप में सिगरेट पीते हिस्ट्रीशीटर का वीडियो वायरल, बोला…

हिस्ट्रीशीटर ने दिखाया सीसीटीवी और टीआई रूम

बिलासपुर। बिलासपुर के सकरी थाने के लॉकअप से हिस्ट्रीशीटर विक्की पांडेय का इंस्टाग्राम लाइव वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में आरोपी सिगरेट पीते और खुद को ‘किंग ऑफ बिलासपुर’ बताते नजर आया। मामले ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

थाने के लॉकअप में बंद एक हिस्ट्रीशीटर का इंस्टाग्राम लाइव वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वीडियो में लॉकअप के भीतर मौजूद अन्य आरोपी, सीसीटीवी कैमरे और थाना प्रभारी के कक्ष तक की झलक दिखाई देती है।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 12.30 बजे यह वीडियो इंस्टाग्राम के “जय माता दी” नामक पेज पर पोस्ट किया गया। वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ सी आ गई। लोगों ने सकरी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोपी और पुलिस के बीच मिलीभगत के आरोप लगाए।

पुलिस लॉकअप बना वीआईपी रूम’

कई सोशल मीडिया यूजर्स ने आरोपी को ‘पुलिस का स्पेशल मेहमान’ और ‘जिगरी दोस्त’ तक बता दिया। लोगों का कहना है कि जिस लॉकअप में मोबाइल और प्रतिबंधित सामान ले जाना संभव नहीं होना चाहिए, वहां आरोपी के पास स्मार्टफोन और सिगरेट कैसे पहुंची?

आमतौर पर लॉकअप में बंद आरोपियों की सख्त तलाशी ली जाती है। ऐसे में आरोपी का मोबाइल इस्तेमाल करना और लाइव वीडियो बनाना सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक माना जा रहा है।

इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल मामले को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से जांच की तैयारी की जा रही है। वहीं वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Search

Archives