Home » पति के जाने का गम नहीं कर पाई सहन… दो दिन बाद फांसी लगाकर विवाहिता ने की आत्महत्या
छत्तीसगढ़

पति के जाने का गम नहीं कर पाई सहन… दो दिन बाद फांसी लगाकर विवाहिता ने की आत्महत्या

गांव में पसरा मातम

बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर से बेहद मार्मिक और दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। पति की अचानक मौत से पूरी तरह टूट चुकी पत्नी ने भी दो दिन बाद फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। एक ही परिवार में लगातार हुई दो मौतों से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम गोपालपुर निवासी रामनारायण केंवट की शादी चार वर्ष पहले सुनीता बाई कंेवट से हुई थी। दोनों सामान्य लेकिन खुशहाल जीवन बिता रहे थे। परिवार की जिंदगी में अचानक उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब 17 मई 2026 को रामनारायण टुल्लू पंप चालू करने के दौरान करंट की चपेट में आ गया। गंभीर हादसे में उसकी मौत हो गई। पति की असमय मौत के बाद पूरा परिवार शोक में डूब गया। पत्नी सुनीता इस सदमे को सहन नहीं कर पा रही थी।

बताया जा रहा है कि पति की मौत के बाद सुनीता गुमसुम रहने लगी। मंगलवार देर रात उसने घर के कमरे में सीलिंग फेन से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। देर रात परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो वह फंदे पर झूल रही थी। परिवार के लोगों ने तत्काल उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना बुधवार सुबह पचपेड़ी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस दुखद हादसे का यह पहलू और भी व्यथित करने वाला है कि जिस घर में दो दिन पहले बेटे की अर्थी निकली थी, अब उसी घर में बहू की अर्थी उठेगी। लगातार दो मौतों से गांव के लोग शोक में डूबे हुए है।

Search

Archives